प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री कमाल अख्तर के खिलाफ अवैध खनन के मामले को सहारनपुर में चल रही अवैध खनन की जांच से सम्बद्ध करने के लिए भाजपा नेता और पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल पीआईएल दाखिल करेंगे। यह जानकारी व्हाट्सएप के जरिये नागपाल ने सार्वजनिक की है। दूसरी ओर व्हाट्सएप के जरिये कमाल अख्तर ने नागपाल को भी अपने जैसा होने की ओर इशारा करते हुए जबाव दिया है कि शीशे के घरों में रहने वालों को दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिएं।
उल्लेखनीय है कि ब्रजघाट में अवैध खनन बड़े पैमाने पर जारी है। जहां कई लाख का रेत प्रतिदिन खुलेआम रेत माफिया गंगा से निकालकर दूर तक सप्लाई कर रहे हैं। डीएम के अनुसार जिले में खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। देवेन्द्र नागपाल ने भाजपा में आते ही अवैध खनन की जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया था कि कमाल अख्तर यह अवैध धंधा करा रहे हैं। वे इसके खिलाफ एनजीटी में शिकायत करेंगे। उन्होंने शिकायत भी की और एनजीटी की टीम ने ब्रजघाट का दौरा कर जानकारी भी ली। नागपाल के मुताबिक एनजीटी अभी तारीखें ही डाल रही है।
खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बर्खास्तगी उससे पूर्व सहारनपुर सहित प्रदेश में कई स्थानों पर सर्वोच्च अदालत के आदेश पर सीबीआई जांच चल पड़ी। ऐसे में देवेन्द्र नागपाल चाहते हैं कि ब्रजघाट अवैध खनन का मामला भी सीबीआई जांच में शामिल हो जाये। इसलिए वे तत्संबंधी पीआईएल दायर करने की बात कर रहे हैं। सोशल मीडिया में खबर चलने पर अपना नाम आने से कमाल अख्तर ने जबावी बयान दिया। जिसमें उन्होंने देवेन्द्र नागपाल पर भी अवैध खनन के धन से धनवान होने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि शीशे के घरों में रहने वालों को दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। उन्होंने खनन से अपना कोई संबंध होने से भी इंकार किया।
रसद और खाद्य मंत्री कमाल अख्तर और पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल के बीच उठे विवाद से यहां की राजनीति गरम होनी शुरु हो गयी है।
-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.
अवैध खनन प्रकरण सहारनपुर से अमरोहा तक गरमाया : नागपाल और कमाल आमने-सामने
Reviewed by Gajraula Times
on
September 14, 2016
Rating:
